सहारनपुर। डीएम पीके पांडेय ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रभारी चिकित्साधिकारी या अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के स्तर से होने वाले कार्यों में लापरवाही को माफ नहीं किया जाएगा। एक ओर जहां उन्होंने लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए, वहीं दूसरी ओर टीकाकरण में अच्छा काम होने की सराहना भी की।
डीएम ने कहा कि मलिन बस्तियों व ईंट भट्ठों पर रहने वाले परिवार के बच्चों को भी चिह्नित कर टीकाकरण से आच्छादित किया जाए। विकास खंड के डाक्टरों को निर्देश देते हुए कहा कि आपके यहां सुपरवाइजर कार्य नहीं कर रहे हैं, उनको चिह्नित कर कार्रवाई करें। ऐसे कर्मियों का वेतन रोककर उन्हें दंडित करें। प्रतिकूल प्रविष्टि दें। चेतावनी दी कि यदि लक्ष्य के अनुरूप टीकाकरण नहीं हुआ तो संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी। विकास खंडों पर डिलीवरी बहुत कम होती है, वह जिला अस्पताल रेफर कर देते हैं। उन्होंने कहा कि कारण सहित बताया जाए कि विकास खंडों पर डिलीवरी क्यों नही होती है। विकास खंडों पर नर्स भी तैनात हैं, फिर भी खासकर विकास खंडों में डिलीवरी की समस्या आती है। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास खंडों पर डिलीवरी होना सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने महिला एवं पुरुष नसबंदी के लिए आशा व एएनएम को मोटीवेट करने की बात कही। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीएस सोढी, डॉ. सत्य सिंह, सीएमएस अनिता जोशी, पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार आदि रहे।