देवबंद (सहारनपुर)। बीजेपी सांसद साक्षी महाराज द्वारा ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड को दहशतगर्दों का संगठन बताने पर देवबंदी उलमा ने सख्त नाराजगी का इजहार करते हुए कहा कि साक्षी महाराज ने हमेशा देश को तोड़ने वाली बयानबाजी की है। उनके इस बयान को केंद्रीय नेतृत्व को संज्ञान लेकर उन पर कार्रवाई करनी चाहिए।
मदरसा जामिया हुसैनिया के सदर मुदर्रिस मौलाना मुफ्ती तारिक कासमी का कहना है कि मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड मुसलमानों के तमाम मसलों का हल शरीयत की रोशनी में करता है। निकाह, तलाक और दूसरे नाजुक मुद्दों पर बोर्ड ने हमेशा से मुसलमानों की सही रहनुमाई की है। साक्षी महाराज पहले अपनी जानकारी को दुरुस्त करें और देखें कि बोर्ड के अंदर कौन लोग बैठे हुए हैं उसके बाद वे इस प्रकार की बयानबाजी करें। मुफ्ती तारिक ने कहा कि साक्षी महाराज और उन जैसे नेताओं ने हमेशा हिंदुस्तान की हिंदू मुस्लिम एकता को खंडित करने वाले बयान दिए हैं। जिससे देश में नफरत का माहौल बन रहा है और वे इस तरह के बयान देकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। जिसे किसी भी दशा में सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व को चाहिए कि वह इस प्रकार के बयान देकर देश का माहौल खराने करने वाले नेताओं का संज्ञान ले और उन पर कड़ी कार्रवाई करे।