नागल (सहारनपुर)। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ. राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान आर्थिक रूप से टूट चूका है। फसलों के उचित दाम नहीं मिल पा रहे हैं। सरकार बिजली के दाम बढ़ा कर किसान का मजाक उड़ा रही है, लेकिन अब बर्दाश्त से बाहर हो गया है। किसान अपनी मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन के लिए तैयार हैं।
कस्बे के रेलवे रोड पर प्रेसवार्ता के दौरान चौ. राकेश टिकैत ने कहा कि क्षेत्र के लोग काफी समय से हाईवे निर्माण के दौरान अंडरपास की मांग कर रहे हैं। जब तक कंपनी अंडरपास का निर्माण नहीं करएगी, तब तक भाकियू टोल टैक्स नहीं वसूलने देगी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा विद्युत मूल्य बढ़ाया जाना आम आदमी के साथ छलावा है, जिसको लेकर भाकियू सरकार के खिलाफ नौ जनवरी से ब्लाक स्तर पर धरना प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि एक मार्च से भाकियू राष्ट्रीय स्तर पर किसान अनदेखी को लेकर सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन का आगाज करेगी। भाकियू प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. विनय कुमार ने कहा कि 12 साल पहले त्रिवेणी शुगर मिल ने क्षेत्र के भोले भाले किसानों से करीब 500 बीघा जमीन औने पौने भाव ले ली थी और कहा था कि उक्त भूमि पर फैक्ट्री लगाएंगे, जिसमें किसान परिवार के एक सदस्य को नौकरी देंगे। उन्होंने चेतावनी दी भूमि अधिग्रहण एक्ट के तहत सभी परिवारों को उक्त भूमि पर कब्जा वापस दिलाएंगे।
इस दौरान उनके साथ जिलाध्यक्ष चौ चरण सिंह, मुकेश तोमर, सजंय चौ, अशोक कुमार, मा. रघुवीर सिंह, मनोज चौधरी, केहरसिंह, राजू पिनना, जगपाल सिंह, मेवाराम, राजपाल पनियाली, विजेंद्र काला, पिरथी सिंह आदि साथ रहे।