सहारनपुर। दो दिवसीय एटसाइड ओपन पुरुष फुटबाल प्रतियोगिता शनिवार से डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुरू हो गई। प्रतियोगिता के तहत हुए पहले दिन के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जीत हासिल करने को खूब पसीना बहाया। उद्घाटन मैच में सेंट मैरी एकेडमी की टीम ने जीत से अपना खाता खोला।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि रहे सीडीओ संजीव रंजन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने जीवन में खेलों के महत्व को समझाया। साथ ही खेल भावना को बनाए रखते हुए प्रदर्शन करने की अपील खिलाड़ियों से की। उद्घाटन मैच रेनबो स्कूल और सेंट मैरी एकेडमी के बीच हुआ, जिसमें सेंट मैरी की टीम 4-0 के अंतर से जीती। दूसरे मुकाबले में शमादार इलेविन की टीम ने ब्राउनवुड को 2-0 के अंतर से हराया। तीसरा मैच नवोदित खिलाड़ियों से सजी स्टेडियम इलेविन और पुराने खिलाड़ियों की डीएफए टीम के बीच हुआ, जिसमें डीएफए की टीम ने 4-1 के अंतर से जीत हासिल की। मैच रैफरी शेखर गुप्ता, हसीम और कार्तिक भार्गव रहे। प्रतियोगिता के दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार, उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव, जिला फुटबाल संघ के संरक्षक अशोक छाबड़ा, सचिव अब्दुल अहद, दिनेश चौधरी, आशीष, रंजीव सैनी, गुलजार, साजिद आदि मौजूद रहे।