शूरा की बैठक में आय-व्यय को लेकर चर्चा, आज पारित होगा बजट
देवबंद (सहारनपुर)। दारुल उलूम की सुप्रीम पावर मजलिस-ए-शूरा की बैठक में संस्था के सभी विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विभागों की वार्षिक रिपोर्ट पेश की। साथ ही शूरा के रिक्त सदस्यों के नामों पर भी चर्चा हुई। देर शाम होने वाली तीसरे चरण की बैठक में वार्षिक बजट भी रखा जाएगा। जिसे शूरा सदस्य चर्चा के बाद सोमवार को पारित करेंगे।
इस्लामी तालीम के सबसे बड़े मरकज दारुल उलूम के मेहमानखाने में रविवार को आयोजित हुई मजलिस-ए-शूरा की बैठक में सर्वप्रथम कार्यवाहक शिक्षा प्रभारी मौलाना अफजल तैमूरी ने शैक्षिक रिपोर्ट पेश की। इसके उपरांत तंजीम-ओ-तरक्की विभाग के कार्यवाहक प्रभारी अशरफ उस्मानी ने आय व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। जबकि छात्रावास प्रभारी मौलाना मुनीर आलम समेत अन्य विभागों के प्रभारियों ने भी रिपोर्ट पेश की। बैठक में शूरा के रिक्त पांच सदस्यों के पदों को भरने के लिए गहनता से विचार विमर्श हुआ। मौलाना खलील के इंतकाल के बाद देवबंद का प्रतिनिधित्व नहीं होने के चलते मौलाना महमूद मदनी और मौलाना हसीब सिद्दीकी के नाम शूरा सदस्यों में शामिल करने की चर्चा है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है। जबकि इनके अलावा मौलाना मतीन उल हक (कानपुर) और मौलाना अशहद रशीदी (मुरादाबाद) के नाम पर मुहर लग सकती है। बैठक में मोहतमिम मौलाना अबुल कासिम नोमानी बनारसी, पूर्व मोहतमिम मौलाना गुलाम मोहम्मद वस्तानवी, मौलाना अलीम फारुकी, मौलाना बदरुद्दीन अजमल, मौलाना मुफ्ती अहमद खानपुरी, मौलाना रहमतुल्ला कश्मीरी, मौलाना अनवारुल हक, मुफ्ती सईद अहमद पालमपुरी, मौलाना हकीम कलीम उल्लाह आदि मौजूद रहे।