भारतीय किसान संघ ने मांगा 350 रुपये क्विंटल गन्ना मूल्य
सहारनपुर। भारतीय किसान संघ के प्रदेश संयोजक श्यामवीर त्यागी ने प्रदेश सरकार द्वारा गन्ना मूल्य में 10 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ोत्तरी को नाकाफी बताते हुए गन्ने का रेट 350 करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बकाया गन्ना मूल्य पर ब्याज के 1800 करोड़ रुपये का भुगतान भी कराए।
सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में हुई बैठक में प्रदेश संयोजक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा की गई गन्ना मूल्य बढ़ोतरी बेहद कम है। इससे किसान को गन्ना फसल की लागत निकालनी भी मुश्किल होगी। सियानंद प्रधान ने कहा कि रुड़की- देवबंद रेलवे लाइन का स्टेशन माजरी साल्हापुर में ही स्थापित होना चाहिए। पूरे क्षेत्र की जनता की भी यही मांग है। प्रांतीय उपाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए और कड़े कदम उठाने की मांग की। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राहुल त्यागी और संचालन महामंत्री विक्रम सिंह पुण्डीर ने की। इस अवसर पर महेंद्र सिंह, रामस्वरूप, महेंद्र त्यागी, रफल सिंह, बाबूराम, सहेंद्र सिंह, बशेसर सिंह, सतपाल सिंह, मनोज कुमार, नकली राम, अंकित, शुभम त्यागी मौजूद रहे।