सहारनपुर। लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए यातायात पुलिस ने वैन में लगे एलईडी के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। यह यातायात जागरूकता अभियान 15 दिन चलेगा।
यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा कोष परिवहन विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित यातायात जन जागरूकता वैन में लगी एलईडी दिखाकर लोगों को यातायात के नियमों का पाठ पढ़ाया। यातायात उप निरीक्षक प्रभारी तेज प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह वैन सोमवार को घंटाघर चौक पहुंची, जहां पर नारे लिखी वैन व उसमें लगी एलईडी के जरिये यातायात संबंधी जानकारियां वाहन चालकों को दी गई। यातायात पुलिस द्वारा वैन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया है। वैन पर खुद सुरक्षित रहे, सबको सुरक्षित रखे, जैसे नारे अंकित है। यातायात प्रभारी तेजप्रताप सिंह ने बताया कि घंटाघर चौक पर बिना हेलमेट के वाहन स्वामियों को जागरूकता के लिए वैन में बैठाया गया। जागरूकता अभियान के तहत घंटाघर चौक व एसबीडी चौक से बिना हेलमेट व बिना कागजात के चलाए जा रहे कऱीब 100 से ज्यादा वाहनों के चालान काटे गए व करीब 20 हजार से ज्यादा जुर्माना भी वसूला गया।