सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत
छुटमलपुर (सहारनपुर)। फतेहपुर-कलसिया मार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर को कार की टक्कर से साइकिल सवार किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इससे उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
फतेहपुर भादो गांव निवासी 16 वर्षीय उजेब पुत्र मरगूब अपने पिता का खाना लेकर साइकिल से भटपुरा तिराहे के सामने स्थित अपने होटल पर जा रहा था। सड़क पार करते वक्त उसकी टक्कर सामने से आ रही कार से हो गई। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। इससे कार सवार बल्लुपुर बसंत विहार देहरादून निवासी नमन पुत्र किशनलाल और उसका साथी जसबीर घायल हो गए। घायलों को सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया। जहां से उन्हें हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया। उधर, परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को अपने साथ घर ले गए। एसओ भानू प्रताप ने बताया कि तहरीर नहीं आई है। यदि तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी।