सहारनपुर। शैक्षिक सत्र के करीब 28 दिन बीत जाने के बाद भी जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में यूनिफार्म का वितरण नहीं हो पाया है। अब तक महज कुछ स्कूलों में यूनिफार्म वितरण होने से जिले के ज्यादातर स्कूलों में छात्र-छात्राएं बिना यूनिफार्म और किताबों के ही स्कूल जा रहे हैँ।
जिले में 1355 प्राथमिक और 576 उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में करीब पौने दो लाख बच्चे अध्ययनरत हैं। इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को यूनिफार्म शासन की ओर से निशुल्क वितरित की जाती है। प्रत्येक बच्चे को 200 रुपये प्रति जोड़ी के हिसाब से दो दो जोड़ी यूनिफार्म का वितरण किया जाना है। शासन ने यूनिफार्म का वितरण एक जुलाई तक करने के आदेश दिए थे। लेकिन विभागीय मशीनरी की लापरवाही के चलते ज्यादातर विद्यालयों में अभी तक यूनिफार्म का वितरण नहीं हो सका। अब तक महज कुछ स्कूलों में ही बच्चों को यूनिफार्म वितरित हो सकी है। शेष बच्चों को यूनिफार्म वितरण की तैयारी चल रही हैँ। इस संदर्भ में बीएसए रामेंद्र सिंह का कहना हैं कि यूनिफार्म वितरण कराया जा रहा है और इसे जल्द ही पूरा करा दिया जाएगा।
धूमधाम से मनाया गया शपथ ग्रहण
सहारनपुर। पाठशाला स्कूूल में शुक्रवार को शपथ ग्रहण का कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। इसमें विश्व हिन्दू परिषद के कोषाध्यक्ष प्रमेंद्र बंसल मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद बच्चों ने मार्च पास्ट कर सबका मन मोह लिया। कक्षा तृतीय के मानस ग्रोवर ने हेड ब्वाय और चतुर्थ की प्राची भारद्वाज ने हेड गर्ल के रुप में दिशा निर्देश दिया। विद्यालय के सभी बच्चों को मंगल पांडेय, महाराणा प्रताप, शिवाजी, भगत सिंह हाउस में विभाजित किया गया। मुख्यअतिथि ने बच्चों को ध्वज और बैज देकर मनोबल बढ़ाया। विद्यालय के चेयरमैन राजीव अग्रवाल, अजय अग्रवाल, अंकिता अग्रवाल, प्रधानाचार्य अंजू जैन, दिलीप चुग, गौरव अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।