सड़क हादसे में पल्सर सवार युवक की मौत
गागलहेड़ी। मंगलवार की देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से पल्सर सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चों को जिला अस्पताल भिजवाया।
मंगलवार की शाम सात बजे थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव हरोड़ा में छुटमलपुर की तरफ से आ रहे पल्सर बाइक सवार 32 वर्षीय अखलाक पुत्र रुस्तम निवासी आयान मस्जिद चिलकाना रोड सहारनपुर और उसके साथ मौजूद दो बच्चों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वाहन के नीचे आने से अखलाक का सिर कुचला गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने उसे सड़क पर कुचला हुआ पड़ा देखा तो थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन में 108 की मदद से दोनो गंभीर घायल बच्चों को जिला अस्पताल भिजवाया। मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हो सकी। इसके बाद उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। खबर लिखे जाने तक पुलिस शव का पंचनामा भर कर उसे पीएम पर भिजवाने की तैयारी कर रही थी।