कांवड़ मेला संवेदनशील, 27 कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स लगेगी
सहारनपुर। पुलिस और प्रशासन ने कांवड़ मेले को संवेदनशील मानते हुए 27 कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स लगाई जाएगी। 2000 से अधिक पुलिस उप निरीक्षक एवं 50 अधिकारी अतिरिक्त लगाए जाएंगे।
एडीजी आनंद कुमार ने कांवड़ मेले को संवेदनशील बताते हुए अधिकारियों को वांछित आपराधिक संगठनों, जेहादी गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। मिश्रित जनसंख्या वाले क्षेत्रों में सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। बताया कि चिड़ियापुर, काली नदी, पुरकाजी, मड़ावर, गोकलपुर, नारसन पर पुलिस चौकियां स्थापित की जा रही हैं। इसके अलावा सादी वर्दी में और कांवड़ियों के भेष में पुलिस कर्मी भीड़ के बीच मौजूद रहेंगे।
जुगाड़, ट्रैक्टर-ट्राली और आठ फीट ऊंची कांवड़ रहेगी प्रतिबंधित
सहारनपुर। गढ़वाल मंडल के डीआईजी पुष्कर ज्योति ने कहा है कि जुगाड़ और ट्रैक्टर ट्राली हरिद्वार में नहीं लाने दी जाएगी। भीड़ में इन वाहनों का चलने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
आठ फीट से ऊंची कांवड़, छह इंच से बड़ा त्रिशूल न हो
सहारनपुर। डीआईजी पुष्कर ज्योति ने कहा कि कांवड़ की ऊंचाई आठ फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। बिजली के तारों में उलझने का खतरा रहता है। जिससे दुर्घटना हो सकती है। साथ ही छह इंच से बड़ा त्रिशूल भी प्रतिबंधित रहेगा।
पहचान पत्र साथ रखना होगा कांवड़ियों को
सहारनपुर। एडीजी मेरठ आनंद कुमार ने कहा कि गोमुख पर जाने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। हरिद्वार में भी आने वाले कांवड़ियों को अपने साथ परिचय पत्र लेकर आना होगा।
सड़क से 50 फीट की दूरी पर लगेंगे शिविर
सहारनपुर एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि कांवड़ शिविर सड़क से 50 फीट की दूर लगाने दिए जाएंगे।
27 जुलाई तक हरिद्वार में रहेंगे भारी वाहन प्रतिबंधित
गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनोद शर्मा ने कहा कि कांवड़ मेले के चलते यूपी के पांच जिलों और हरिद्वार में रूट डायवर्जन रहेगा। यात्रियों को इसकी जानकारी पहले ही दे दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित लोग पार्किंग की व्यवस्था कराएं और लोगों को बताएं। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई से 28 जुलाई तक हरिद्वार में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बसें भी अपने निर्धारित स्थानों पर बताए गए पार्किंग स्थलों तक पहुंचेंगी।
कांवड़ मार्ग पर मीट एवं मादक पदार्थों की दुकानें रहेंगी बंद
सहारनपुर। एडीजी आनंद कुमार ने बताया कि मेला अवधि में हरिद्वार से लेकर कांवड़ के रास्ते में कहीं भी मादक पदार्थों एवं मीट की दुकानें नहीं खुलने दी जाएगी। अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नजर रखें।