छुटमलपुर। मार्ग चौड़ीकरण कार्य के दौरान बिजली लाइन को शिफ्ट करने की प्रक्रिया के चलते मुजफ्फराबाद बिजलीघर से जुड़े 32 गांवों की आपूर्ति पटरी से उतर गई है। दिन में आठ घंटे का लगातार पूर्व घोषित कट तो हो ही रहा है उसके अतिरिक्त भी कटौती मार उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ रही है। उपभोक्ताओं ने आपूर्ति में सुधार की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा पिछले एक साल से फतेहपुर-कलसिया मार्ग का चौड़ीकरण कार्य चलाया हुआ है। इसके चलते बिजली लाइनें सड़क की जद में आ गई हैं। ऐसे में इनकी शिफ्टिंग का कार्य कराया जा रहा है। इस कार्य को पूरा कराने के लिए सुबह दस से शाम छह बजे तक मुजफ्फराबाद बिजलीघर की आपूर्ति बंद की जा रही है। इस बिजलीघर से भोगपुर, मलायण, कंधेला, निवादा, मुसैल, करौंदी, शेखुपुर मुजाहिदपुर, मुस्तापुर, मुजफ्फरी, ढालवाला आदि 32 गांव जुड़े हैं। पिछले कई दिन से यह रोस्टिंग चल रही है। ग्रामीणों एडवोकेट अखिलेश कौशिश, मांगेराम, हरिओम शर्मा, अक्षय, संजय कांबोज, लोकेश आदि का कहना है कि उन्हें मुश्किल से दस से 12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
पहले सुबह-शाम रोस्टिंग की जा रही थी, लेकिन लोक निर्माण विभाग के कार्य के चलते इसे बंद कर दिन के वक्त कर दिया गया है। लाइन शिफ्टिंग के लिए कटौती की जा रही है। कार्य को तेजी से कराने का प्रयास किया जा रहा है।
संतोष बिंद उपखंड अधिकारी विद्युत निगम