सहारनपुर। बुलंदशहर के स्याना में हुए बवाल में शहीद हुए इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह के परिजनों को आर्थिक सहायता के लिए सहारनपुर पुलिस एक दिन का वेतन देेगी। एसएसपी दिनेश कुमार ने इसके निर्देश जारी कर दिए हैं।
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि बुलंदशहर में बवाल के दौरान इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह शहीद हो गए। जो काफी दुखद है। दुख की इस घड़ी में पुलिस महकमा उनके परिजनों के साथ है। उन्होंने कहा कि सुबोध के परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत उन्होंने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वेच्छा से एक दिन का वेतन दिए जाने के लिए कहा है। एसएसपी ने बताया कि जो भी पुलिसकर्मी एक दिन का वेतन देंगे उनसे एकत्रित धनराशि को शहीद सुबोध सिंह की पत्नी को प्रदान किया जाएगा।
पेड़ काटने की शिकायत पर हुई जांच
सहारनपुर। प्रशासन द्वारा सीज की गई बेहट रोड पर ग्राम दरामिलकाना बैरून में सुमिक्षा / अंजुम नर्सरी की जमीन पर अवैध रूप से पेड़ काटने की शिकायत पर एसडीएम सदर ने जांच की। जांच करने के बाद अपर जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी है।
इस मामले में भाजपा कार्यकर्ता एवं उर्दू अकादमी उत्तर प्रदेश के सदस्य एम आजाद अंसारी ने अक्तूबर माह में जिलाधिकारी से शिकायत करके आरोप लगाया था कि उक्त भूमि पर खड़े हरे पेडों अवैध रूप से काटा जा रहा है। यह भूमि पूर्व एमएलसी इकबाल और उनके भाई एमएलसी महमूद अली की है। इसकी जांच उपजिलाधिकारी सदर परमानंद झा ने टीम को साथ लेकर गत चार दिसंबर को मौके पर जाकर की। एसडीएम सदर परमानंद झा का कहना है कि उक्त भूमि पर कुछ पेड़ और झाड़ियां कटी मिलीं, जबकि आम के हरे पेड़ खड़े मिले। भूमि की देखरेख करने वाले मोहम्मद विशाल को हिदायत दी गई कि जमीन पर किसी प्रकार का निर्माण अथवा प्लाटिंग नहीं होनी चाहिए। क्योंकि प्रशासन ने इस जमीन को सीज किया है। यदि प्लाटिंग अथवा निर्माण किया जाता है, तो कार्रवाई की जाएगी।
बिजली चोरी करने पर रिपोर्ट दर्ज
सहारनपुर। विद्युत निगम की टीम ने शुक्रवार को शहर में इंदिरा चौक पर स्थित आटा चक्की पर छापा मारा। आरोप है कि चक्की संचालक विद्युत केबिल में मीटर से पहले कट लगाकर चक्की का संचालन कर रहा था। चक्की पर 10 किलोवाट का कनेक्शन लिया हुआ था। एसडीओ रब्बान अली ने बताया कि विद्युत कनेक्शन अब्दुल के नाम से है, जबकि चक्की का संचालन अनीस कर रहा है। मामले में नगर कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी गई है।