सहारनपुर। समस्याओं से नाराज अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ से जुड़े सफाईकर्मियों ने शुक्रवार को नगरायुक्त और महापौर का घेराव किया। इसके बाद उन्होंने नगरायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया। समस्याओं का शीघ्र निस्तारण नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की चेतावनी दी।
संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सोनी आजाद ने कहा कि पूरे देश में स्वच्छ भारत मिशन चल रहा है, जिसमें सफाई कर्मचारी मुख्य कड़ी है। मगर इसके बावजूद सफाईकर्मियों के हितों की अनदेखी की जा रही है। सहारनपुर की बात करें तो राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य मंजू दिलेर से फटकार के बाद भी अधिकारियों ने सबक नहीं लिया है। यहां के सफाईकर्मी आज भी बुनियादी जरूरतों से महरूम हैं। उन्होंने अधिकारियों ने जातिगत भेदभाव करने का आरोप भी लगाया। मांगें जल्द नहीं माने जाने पर हड़ताल करने की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों में राजकमल, सूरजपाल, सतीश, संजीत, रोहित, वरदान, आशीष, सुनील, नीरज, बिशनलाल, गौरव, विकास आदि शामिल रहे।
------------------------------------------
सफाई के लिए बुलंदशहर से आई युवाओं की टोली
फोटो संख्या: 5
सहारनपुर। शहर की सफाई के लिए बुलंदशहर से 15 सदस्यीय युवाओं की टोली आई है। टीम का नेतृत्व कर रहे मोहम्मद आसिफ खान ने अपने साथियों के साथ नगर निगम पहुंचकर नगरायुक्त के सामने सफाई का प्रस्ताव रखा। आसिफ ने नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को बताया कि उनकी टीम सिकंदराबाद, गाजियाबाद, साहिबाबाद और लखनऊ में सफाई अभियान चला चुके हैं। उन्होंने शहर की सफाई के लिए नगरायुक्त से 72 घंटे का समय मांगा। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बुलंदशहर से आई टीम ने खुद ही सफाई करने की इच्छा जताई है। टीम 29 सितंबर की सुबह जनमंच के पास स्थित बस अड्डे से अपना अभियान शुरू करेगी, जिसे महापौर और वह हरी झंडी दिखाएंगे। अभियान दो अक्तूबर तक चलेगा। दो अक्तूबर को जनमंच में अभियान का समापन होगा। टीम में मोहम्मद आसिफ, बंटी, आरिफ, जुगनू, नदीम, शिवा, सूरज, आबिद, संदीप, इमरान, हिमांशु, करीम, सागर, लोकेश आदि शामिल हैं।
------------------------------------------
मुन्नालाल कॉलेज में स्वच्छता पर सेमिनार
फोटो संख्या: 6
सहारनपुर। भारत स्वच्छ कैसे हो? इसी विषय को लेकर शुक्रवार को मुन्नालाल एंड जयनारायण खेमका गर्ल्स कॉलेज में 26 यूपी बटालियन की ओर से सेमिनार आयोजित किया गया। कैडेट खुशी, आफरीन, अंकिता, रजनी, प्रज्ञा, सिया समेत कुल 20 कैडेट ने अपनी बात रखी। पूर्व प्राचार्य डॉ. वीणा जैन ने कैडेट्स को स्वच्छता का महत्व समझाया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. मधु जैन, कमांडिंग ऑफिसर कर्नल करमदीन, डॉ. अमिता अग्रवाल, डॉ. पंकज छाबड़ा, एच राशिद, आयशा, डा. गुंजन आदि मौजूद रहीं।
---------------------------------------------
स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम आयोजित
सहारनपुर। गांव चकदेवली स्थित इंडिया मॉडल पब्लिक जूनियर हाई स्कूल में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि रहे नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने बीमारियों से बचने के लिए सफाई अपनाने और खुले में शौच न करने की सीख बच्चों को दी। कार्यक्रम में डॉ. अशोक मलिक, स्कूल प्रबंधक अब्दुल कादिर, पार्षद अनिल मलिक, हेमंत लांबा, चंद्रपाल, एनएल कुशवाहा, राजवीर, डॉ.गीताराम आदि मौजूद रहे।