सहारनपुर। जिलाधिकारी आलोक कुुमार पांडेय ने मंगलवार को टोडरपुर शुगर मिल के यूनिट हेड को इस पेराई सत्र में मिल चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन और प्रशासन स्तर पर मिल संचालन के लिए पूरा सहयोग दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने तीन दिन में मालिकों से बात कर अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में टोडरपुर शुगर मिल प्रबंधकों और किसानों की बैठक आयोजित की गई। इसमें जिलाधिकारी ने मिल के यूनिट हेड को मिल संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन और प्रशासन स्तर पर मिल के संचालन में पूरा सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे मिल के मालिकों से वार्ता कर तीन दिन के अंदर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दें। जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने भी मिल प्रबंधकों को विभाग की ओर से सहयोग कराने का वादा किया। किसानों ने हर सूरत में मिल चलाए जाने पर जोर दिया। यूनिट हेड मोहन शर्मा, बेहट क्षेत्र से कांग्रेस विधायक नरेश सैनी, ओमी पंवार, ठाकुर जसवीर सिंह, साकेश चौधरी, जायर हुसैन चांद, हेमचंद शर्मा, अब्दुल वाहिद, प्रवीण बांदूखेडी, दिलशाद, देवी सिंह, हासिम, अनवर, देवेंद्र चौहान, मौलवी जहूर, नीरज, योगेश शर्मा, मदनपाल आदि रहे।