सहारनपुर जिला कारागार में ली गई चप्पे-चप्पे की तलाशी
सहारनपुर। बागपत जिला कारागार में गोलियों से भूनकर की गई मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद सहारनपुर जेल प्रशासन सतर्क हो गया। जेल प्रशासन ने जिला कारागार की बैरकों को खंगाल डाला। चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु जेल प्रशासन को नहीं मिल सकी। जबकि जेल की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई।
सोमवार की सुबह बागपत जिला कारागार में मुन्ना बजरंगी की गोलियां बरसाकर की गई हत्या की सूचना के बाद सहारनपुर में भी अलर्ट जारी कर दिया गया। जिला कारागार की सुरक्षा बढ़ा दी गई। जेल में आने वालों की कड़ाई से तलाशी ली गई। इसके बाद जेल में तलाशी अभियान शुरू किया गया। जेल प्रशासन ने एक-एक बैरक और उसमें बंद बंदियों की तलाशी ली। महिला जेल को भी खंगाला गया। तलाशी के बाद कोई महत्वपूर्ण संदिग्ध वस्तु न मिलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डाक्टर वीरेश राज शर्मा ने बताया कि जेल के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई है। प्रत्येक बंदी की भी तलाशी ली गई है। कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हो सकी है। फिर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। आने वाले लोगों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।