देवबंद (सहारनपुर)। विधायक ब्रिजेश सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश स्टेट हाईवे अथॉरिटी के सीईओ अवनीश अवस्थी को पत्र भेजकर देवबंद में प्लाई ओवर के नीचे सर्विस रोड का कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा कराने की मांग की है।
विधायक ने पत्र में लिखा कि मुजफ्फरनगर-सहारनपुर राज्य राजमार्ग एसएच 59 के फोरलेन परिवर्तन कार्य में देवबंद में फ्लाई ओवर के नीचे निर्माणाधीन सर्विस रोड का कार्य एपको कंपनी द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं किया जा रहा है। इसमें सर्विस रोड को जगह-जगह पर संकरा व घुमावदार कर दिया गया। जिस कारण जाम व दुघर्टना होने की संभावना है। इसको लेकर क्षेत्र की जनता में भारी रोष है। विधायक ने कहा कि इस संबंध में एसडीएम ने 4 जून को डीएम को आख्या रिपोर्ट भी भेजी है। इसलिए सर्विस रोड को निर्धारित मानकों व डिजाइन के अनुरूप बनाया जाए ताकि शासन की इस प्रगतिशील योजना का क्षेत्र के लोगों को लाभ प्राप्त हो सके। बता दें कि उक्त प्रकरण को लेकर बजरंग दल ने विगत दिनों एसडीएम का घेराव कर 18 जून तक मांगें न मानने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दे रखी है। जिसके कारण यह मुद्दा दिन प्रतिदिन गरमाता जा रहा है।