देवबंद (सहारनपुर)। नगर पालिका की लापरवाही के कारण रमजान के पवित्र माह में रोजेदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दारुल उलूम चौक से तलहेड़ी चुंगी की तरफ जा रही सड़क को पालिका ने उखड़वा तो दिया, लेकिन वहां अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। जिसके चलते यहां लोगों को आने जाने में भारी दिक्कत उठानी पड़ रही है। इसी वजह से मदनी मार्ग पर जलभराव की समस्या से लोग परेशान हैं।
नगर पालिका परिषद ने कई माह पूर्व नगर के मदनी मार्ग पर स्थित एक नाला तोड़ा था। कहा गया था कि जलनिकासी की समस्या को दूर करने के लिए इसको तोड़कर दोबारा बनाया जा रहा है, लेकिन कई माह बाद भी आज तक यहां निर्माण कार्य आरंभ ही नहीं कराया गया। जिसके कारण यहां दिन हो या रात सड़क पर नालियों का गंदा पानी बहता रहता है। रही सही कसर बीते दिन पालिका ने दारुल उलूम चौक से तलहेड़ी चुंगी की तरफ जा रहे मार्ग को तुड़वाकर पूरी कर दी। पालिका ने कई दिन पूर्व इस मार्ग को दोबारा बनवाने के लिए तुड़वाया था, लेकिन इस पर निर्माण कार्य आज तक शुरू ही नहीं हुआ। इसी मार्ग पर दारुल उलूम वक्फ के मोहतमिम मौलाना सुफियान कासमी का आवास भी है। इसी मार्ग से होकर सहारनपुर मुफ्फरनगर मार्ग पर जाया जाता है। इसके उखड़ने के चलते रोजेदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अपने अपने काम निपटाने के लिए उन्हें दूर का रास्ता तय करना पड़ रहा है। लोगों ने पालिका के प्रति रोष व्यक्त करते हुए शीघ्र निर्माण कार्य आरंभ कराने की मांग की है। पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी ने बताया कि जल्द ही उखाड़ी गई सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा।