नकुड़/छुटमलपुर (सहारनपुर)। सवारियों से भरे टैंपो को ओवरटेक करते समय रोडवेज बस की चपेट में आने से टैंपू सवार छह महिलाएं व बाइक सवार युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल के लिए भिजवाया, लेकिन रास्ते में ही बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उधर, छुटमलपुर में फतेहपुर-कलसिया मार्ग पर अज्ञात वाहन से कुचल कर विक्की सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई।
सोमवार की शाम करीब पांच बजे नकुड़ की ओर से एक रोडवेज बस सहारनपुर के लिए जा रही थी। बताया जाता है कि नकुड़-सहारनपुर रोड पर स्थित गांव बांदूखेड़ी के पास बस ने जैसे ही सवारियों से भरे एक टैंपो को ओवरटेक करना चाहा तो सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में चालक संतुलन खो बैठा और बाइक सवार को चपेट में लेते हुए बस ने टैंपू में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टैंपू में सवार महिलाओं में चीख पुकार मच गई और बाइक सवार युवक गंभीर घायल होकर सड़क पर गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल के लिए भिजवाया, लेकिन रास्ते में ही बाइक सवार युवक की मौत हो गई। कोतवाल यशपाल सिंह ने बताया कि मृतक बाइक सवार युवक की पहचान अर्जुन पुत्र पप्पू 35 वर्ष, निवासी गांव चापरचीड़ी के रूप में हुई है। जबकि टैंपू में सवार महिलाएं दाबकी गुर्जर की बतायी जा रही है। बताया कि महिलाओं के नाम नहीं पता चल पाये हैं। सभी घायल महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर छुटमलपुर क्षेत्र में फतेहपुर-कलसिया मार्ग पर सोमवार की शाम साढ़े सात बजे गांव खुजनावर में चाचा राव नदी के पुल के पास खुजनावर गांव निवासी विक्की सवार 55 वर्षीय दिलशाद पुत्र अरशद को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में दिलशाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।