चिलकाना (सहारनपुर)। सड़क के किनारे पानी से भरे गड्ढे में एक सड़ी गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। लाश की पहचान सहारनपुर निवासी लकड़ी का काम करने वाले हामिद के रूप में हुई है।
बुधवार दोपहर बाद किसी ने सहारनपुर चिलकाना मार्ग पर गांव कातला के पास उमर नर्सरी के सामने पानी से भरे गड्ढे में एक साइकिल तथा लाश को पड़े देखा। लाश मिलने की सूचना पर चिलकाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लाश तथा साइकिल को बाहर निकाला। पुलिस को लाश की तलाशी लेने पर उसकी जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ। जिससे पता चला कि लाश 35 वर्षीय हामिद निवासी सहारनपुर पीर वाली गली है। हामिद पिछले चार वर्षों से थाना चिलकाना के गांव नल्हेड़ा में अपनी ससुराल में रह रहा था। हामिद खाताखेड़ी में लकड़ी के कारखाने में काम करता था तथा रोजाना साइकिल से अपनी ससुराल आता जाता था। हामिद 10 दिन से घर नहीं पहुंचा था। इसलिए परिजनों ने थाना मंडी में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। परिजनों ने बरामद लाश की पहचान हामिद के रूप में की। परिजनों के अनुसार हामिद दिमागी रूप से कमजोर था। संभवत इसी कारण साइकिल सहित पानी के गड्ढे में गिरने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हामिद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।