सहारनपुर। सहारनपुर क्लब के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में ज्वाइंट ग्रुप ने तीन चुनाव से जीत हासिल करते आ रहे केजी अग्रवाल ग्रुप को एकतरफा हराया। ज्वाइंट ग्रुप ने सचिव और संयुक्त सचिव पद के साथ ही दो में से एक सदस्य पद पर भी कब्जा जमाया। परिणाम जारी होने के बाद ज्वाइंट ग्रुप के समर्थकों ने ढोल की थाप पर थिरकते हुए जश्न मनाया।
क्लब चुनाव में इस बार केजी अग्रवाल ग्रुप और ज्वाइंट ग्रुप आमने-सामने रहे। केजी अग्रवाल ग्रुप तीन चुनावों से लगातार जीत हासिल करता आया। इस बार भी केजी अग्रवाल ग्रुप की जीत सुनिश्चित मानी जा रही थी। केजी अग्रवाल ग्रुप ने सचिव पद पर अक्षय जैन, संयुक्त सचिव पद पर गुलशन कात्यान तथा सदस्य के लिए जोधवीर बत्र और सचिन मैत्रेय को चुनाव मैदान में उतारा था। जबकि, ज्वाइंट ग्रुप ने सचिव पद के लिए सतेंद्र पाल सिंह बिट्टू, संयुक्त सचिव पद के लिए हेमंत जोशी तथा सदस्य के लिए पंकज बंसल और मोहित गुलाटी पर दांव लगाया था। मतदान रविवार की पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुआ, जो अपराह्न तीन बजे तक चला। कुल 648 मतों में से 65 फीसदी सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतों की गणना साढ़े तीन बजे शुरू हुई, जो करीब डेढ़ घंटा चली। परिणाम लोगों की सोच के एकदम उलट रहे। ज्वाइंट ग्रुप ने बाजी पलटते हुए केजी अग्रवाल ग्रुप का एकतरफा सफाया किया। मात्र एक सदस्य जोधवीर सिंह बत्रा के रूप में ही केजी अग्रवाल गुट का बन सका। जीत के बाद ज्वाइंट ग्रुप ने जीत का जश्न मनाया। चुनाव अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार को बनाया गया था, जिनकी देखरेख में चुनाव संपन्न कराया गया। उनके साथ प्रशासन की पूरी टीम लगी थी। जिनमें नायब तहसीलदार अशोक सैनी के अलावा 17 लेखपालों को लगाया गया था।
किस पद पर कौन जीता
पद जीता हारा
सचिव सतेंद्रपाल सिंह बिट्टू (405) अक्षय जैन (174)
संयुक्त सचिव हेमंत जोशी (374) गुलशन कात्यान (202)
सदस्य मोहित (409)/जोधवीर (252) पंकज बंसल (244)/सचिन (125)