युवक की पिटाई से नाराज दलित समाज ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा
देवबंद (सहारनपुर)। पुरकाजी के कल्लनपुर गांव में कथित हिंदू वादी संगठनों के युवकों द्वारा दलित युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने से नाराज दलित समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। इसमें आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई।
दलित युवक विपिन कुमार की पिटाई का वीडियो वायरल होते ही दलित समाज में रोष फैल गया। बुधवार को दलित समाज के लोगों ने एसडीएम रामविलास यादव की मार्फत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा है। इसमें बताया गया कि कथित हिंदू वादी संगठनों के कुछ युवकों ने पुरकाजी के कल्लनपुर गांव निवासी विपिन कुमार की न सिर्फ बेरहमी से पिटाई की बल्कि उससे जय श्रीराम, काली माता और भगवान भोलेनाथ के जयकारे भी लगवाए। आरोपियों ने उसके वीडियो तक बना ली जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। सचिन, मोनू, प्रकाश चंद, जोनी, सतकुमार, पिंटू, सोनू, कपिल, विशाल आदि ने कहा कि अनुसूचित जाति के लोगों पर अत्याचार बढ़ना चिंता का विषय है। इससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। अनुसूचित जाति इस घटना की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने विपिन के हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी यदि ऐसा नहीं हुआ तो दलित समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन को मजबूर होगा। ज्ञापन देने वालों में अनिल कुमार, कुलदीप सिंह, सीटू कुमार, जोगेंद्र सिंह, रोहन, पंकज आदि मौजूद रहे।