सहारनपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर में चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान अपने अंतिम पड़ाव पर है। इसी क्रम में नगर निगम ने बुधवार से पांवधोई नदी की सफाई के लिए पुन: अभियान शुरू किया है। नदी को स्वच्छ बनाने के लिए 250 सफाईकर्मी लगाए गए हैं। पहले दिन नगरायुक्त ने मौके पर खड़े रहकर सफाई कराई।
नगर निगम शहर में करीब तीन महीने से स्वच्छता अभियान चला रहा है, जो अपने अंतिम चरण में है। अभियान का उद्घाटन डीएम पीके पांडेय ने पांवधोई नदी के धोबीघाट से किया था। करीब 15 दिन तक नदी से कचरा निकाला गया, जिसके बाद धोबीघाट पर नदी में सफाई नजर आने लगी थी। मगर इसके बाद फिर से लोगों ने कचरा और पॉलीथिन डालकर नदी को गंदा कर दिया है। स्वच्छता अभियान अपने अंतिम पड़ाव पर है। ऐसे में नगर निगम ने नदी की पुन: सफाई कराने का निर्णय लिया है। बुधवार से शुरू हुए पांवधोई की सफाई के अभियान में ढाई सौ सफाईकर्मी लगाए गए हैं, जो धोबीघाट से पुल जोगियान तक सफाई करेंगे। पहले दिन बुधवार को नगरायुक्त गौरव वर्मा ने मौके पर रहकर सफाई कराई। नगरायुक्त ने बताया कि उनकी कोशिश नदी की अधिक से अधिक सफाई कराना है, मगर आम नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्हें चाहिए कि वह इसमें कचरा आदि डालकर इसे साफ रखने में मदद करें।