फिर जगी देवबंद को जिला बनाने की उम्मीद
देवबंद (सहारनपुर)। देवबंद को जिला बनाने की मांग कर रहे देवबंद जिला बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक राव मुशर्रफ अली के पत्र का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रमुख सचिव, मुख्य सचिव, राजस्व विभाग, अपर मुख्य सचिव एवं आपदा विभाग को अग्रसारित कर दिया है। साथ ही उन्होंने इस मामले में एक माह के अंदर जिलाधिकारी से रिपोर्ट भी मांगी है।
देवबंद जिला बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक राव मुशर्रफ अली ने बताया कि उन्होंने विगत तीन अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर देवबंद को जिला बनाने की मांग की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने कई विभागों समेत जिलाधिकारी को आगामी 28 अक्तूबर तक रिपोर्ट भेजे जाने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में राव मुशर्रफ अली ने कहा था कि देवबंद जनपद सहारनपुर की सबसे बड़ी तहसील है और इसका ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यधिक महत्व है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार अपने अज्ञातवास के दौरान पांचों पांडवों ने देवबंद में प्राचीन श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर में समय बिताया था। इतना ही नहीं देवबंद में लगभग 150 वर्ष से दीवानी अदालत (अब अपर जिला जज अदालत), उपजिलाधिकारी अदालत चली आ रही हैं। इतना ही नहीं यहां उपकारागार, अस्पताल, स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रेलवे स्टेशन, आयकर कार्यालय, अनेकों सरकारी गैर सरकारी डिग्री कालेज और स्कूल बने हैं।