सहारनपुर। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अधिकारी बेरोजगार युवकों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करे। ताकि बेरोजगार युवाओं को अधिकतम लाभ मिल सके। योजनाओं के लिए ऑन लाइन आवेदन कराने के लिए एक नोडल अधिकारी नामित किया जाए।
शुक्रवार को मंडलायुक्त ने खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार योजना के तहत केन्द्र सरकार द्वारा प्रदेश के पूर्व निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 2.5 गुना की वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि अधिकारी ऐसी योजनाएं बनाएं जिससे अधिक से अधिक बेरोजगारों को प्रधानमंत्री रोजगार योजना से जोड़ा जा सके।
मंडलायुक्त ने कहा कि पीएमईजीपी योजना के तहत आईटीआई, पॉलीटेक्निक, तकनीकि शिक्षा एवं कौशल सुधार योजना के तहत प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड राजीव त्यागी ने बताया कि पीएमईजीपी योजना के अंतर्गत केन्द्र सरकार द्वारा प्रदान किए अतिरिक्त बजट के उपयोग हेतु अधिक से अधिक ऋण आवेदन पत्र प्राप्त कर जिला स्तरीय चयन समिति से चयन उपरांत बैंकों को भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि बैंक अधिकारियों ने इन आवेदन पत्रों पर 15 अक्टूबर से पूर्व कार्रवाई करने की सहमति प्रदान की है। गत वर्षों के अनुसूचित जाति के लक्ष्यों के बैकलॉग को भी पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी इच्छुक अभ्यर्थी योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बैठक में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय मेला व प्रदर्शनी का आज
सहारनपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशती वर्ष के अवसर पर जनपद स्तरीय अंत्योदय मेला व प्रदर्शनी का आयोजन शनिवार को जनमंच परिसर में किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्घाटन जिलाधिकारी प्रमोद कुमार पांडेय करेंगे।
सहायक निदेशक सूचना अवधेश कुमार ने बताया कि अंत्योदय मेला व प्रदर्शनी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन संघर्ष की झांकी से संबंधित चित्रों का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर राज्य सरकार व केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।