सहारनपुर। विद्यालयों में लगी बायोमैट्रिक मशीनों के विरोध में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनारायण गुट) ने नौ अगस्त को डीआईओएस कार्यालय पर धरना और प्रदर्शन करने का एलान किया है। शुक्रवार को हुई बैठक में शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में नौ अगस्त को कार्यालय पहुंचने की अपील की गई।
शुक्रवार को हुई बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री रजनीश चौहान ने कहा कि माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की हाजिरी के लिए बायोमैट्रिक मशीनें लगाई गई हैं। इसका संगठन पहले दिन से विरोध कर रहा है। मशीन के विरोध में संगठन नौ अगस्त को प्रदेश भर में क्रांति दिवस मनाएगा, जिसके तहत डीआईओएस कार्यालय पर प्रदर्शन होगा। जिलाध्यक्ष ज्ञानेंद्र पुंडीर ने कहा कि धरना प्रदर्शन दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। बताया कि संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर भी अपना विरोध जताया है। चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष द्वारा सर्व सम्मति से शामली के सुखबीर सिंह को मंडल अध्यक्ष, सहारनपुर के रामनरेश शर्मा को मंडल मंत्री मनोनीत किया गया है। बैठक में तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण और व्यवसायिक एवं कंप्यूटर शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षक का दर्जा देने की मांग भी उठी। रविंद्र सिंह सिरोही, सोमप्रकाश शर्मा, राजबीर सिंह यादव, ओमपाल सिंह, शिव कुमार, भूपेंद्र कुमार, ब्रह्मपाल, ऋषिपाल, सुरेंद्र पाल मौर्य आदि मौजूद रहे।