डीएसओ पर आरोपों को लेकर दो धड़े में बंटे राशन डीलर
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश ग्रामीण उचित दर राशन विक्रेता एसोसिएशन ने कुछ राशन डीलरों पर जिला पूर्ति अधिकारी बेवजह बदनाम करने का आरोप लगाया है।
राशन डीलरों की एसोसिएशन दो धड़ों में बंटती नजर आ रही है। एक गुट जिला पूर्ति अधिकारी के पक्ष में खड़ा हो गया है, तो दूसरा गुट जिला पूर्ति अधिकारी पर अवैध वसूली के आरोप लगाकर जिलाधिकारी से शिकायत कर रहा है। बुधवार को कुछ राशन डीलरों ने जिला पूर्ति अधिकारी पर अवैध वसूली करने और विरोध करने वाले कार्यालय कर्मचारियों को स्थानांतरित कराए जाने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की। जबकि बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश ग्रामीण उचित दर राशन विक्रेता एसोसिएशन के अध्यक्ष राजपाल सिंह के नेतृत्व वाले राशन डीलरों ने जिलापूर्ति अधिकारी का पक्ष लिया। राजपाल सिंह ने कहा कि कुछ राशन डीलर बेवजह जिला पूर्ति अधिकारी को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी को कार्यभार संभाले हुए अभी दो माह भी पूरे नहीं हुए हैं। अभी तक वह कुछ ही राशन डीलरों से मिल सके हैं। वह अभी किसी राशन डीलर को पहचानते तक नहीं हैं। फिर भी उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने शिकायत करने वाले राशन डीलरों पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के नाम का भी गलत प्रयोग करने का आरोप लगाया। इस मामले में एसोसिएशन ने डीम को ज्ञापन प्रेषित किया है। ज्ञापन देने वालों में रीता देवी, दुलार सिंह, पवन कुमार, सुनील कुमार, फूल कुमार, ओम कुमार, जगपाल सिंह, महेंद्र सिंह, गुफरान, संजय, अनिल, अब्बास, मांगेराम, बिजेंद्र कुमार, रजिया, बुध प्रकाश शामिल रहे।
टैक्सी के फर्जी इंश्योरेंस बनाने का आरोप
सहारनपुर। सहारनपुर टैक्सी आनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रिहान अहमद ने एक टैक्सी चालक पर लोगों को गुमराह कर उनकी टैक्सी के फर्जी इंश्योरेंस बनवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने संचालित टैक्सी के पेपर चेक करवाए। जिससे किसी भी यात्री को परेशानी का सामना न करना पड़े। लेकिन कई टैक्सी के पेपर चेक करने पर इंश्योरेंस फर्जी पाया गया है। बताया गया कि एक टैक्सी चालक द्वारा फर्जी इंश्योरेंस बना दिया गया है। जब आरोपी से पूछा गया तो आरोपी चालक ने मारपीट कर दी। इस मामले में उन्होंने एफआईआर भी दर्ज करा दी है। आरोपी ने फर्जी इंश्योरेंस बनाने का कार्यालय देव गार्डन के निकट दाबकी रोड पर बनाया हुआ है। उन्होंने आरोपी पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपा है।
तीन गिरफ्तार
सहारनपुर। थाना कुतुबसशेेर पुलिस ने नकुड़ रोड सबदलपुर तिराहा से दो लोगों को चोरी की बाइक एवं तमंचे समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मोनू और रवि निवासी दैदनोर बड़गांव थाना गंगोह बताया है। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। जबकि माल गोदाम रोड नलकूप से सुमित निवासी मोहल्ला काटला थाना मीरपुर, मुजफ्फरनगर को चाकू समेत गिरफ्तार किया है।