नाला निर्माण के लिए महिलाओं ने लगाया जाम
नागल (सहारनपुर)। बसेड़ा के ग्रामीणों ने सोमवार को नाली निर्माण की मांग के लिए निर्माणकर्ता कंपनी एपको के खिलाफ महिलाओं ने नारेबाजी कर एक घंटा हाईवे जाम किया। पुलिस ने कंपनी के जीएम से वार्ता की। इसके बाद कंपनी के मजदूरों ने नाली का निर्माण शुरू किया तो प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सड़क मार्ग खोला।
सुबह करीब दस बजे गांव की महिलाएं बस स्टैंड पहुंची और पुरुषों की मदद से सड़क के बीच बुग्गी खड़ी कर नारेबाजी करते हुए नीचे बैठ गई। सड़क बाधित होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग र्गइं। महिलाओं ने कहा कि एपको कंपनी फोरलेन का निर्माण कर रही है। इस निर्माण कार्य के दौरान गांव की पानी की निकासी के लिए बनाया गया नाला ध्वस्त हो गया। इससे गांव से पानी निकासी की समस्या पैदा हो गई है। कंपनी को चाहिए कि वह नया नाला बनाकर गांव में जलभराव की समस्या से निजात दिलाए। चेताया कि यदि कंपनी ने उनकी मांग नहीं मानी तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
जाम लगने की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी छोटे सिंह ने प्रदर्शनकारी महिलाओं से बात की। इसके बाद उनकी मांग को एपको कपंनी के जीएम के समक्ष फोन पर रखा। जीएम के आदेश पर कर्मचारियों ने तत्काल नाला खुदाई कार्य शुरू कराया। इसके बाद प्रदर्शनकारी महिलाएं लौट गईं। प्रदर्शनकारियों में मछला, बलवन्ती, सरोज, रानी, मुन्नी, बबली, अंगूरी, संतोष, रमेशो, राकेश, अनुज, सोरण, चमेाल सिंह आदि मौजूद रहे।