चिलकाना के क्वारंटीन सेंटर से प्रमाण पत्र लेकर अपने घर जाते लोग।
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना/छुटमलनपुर (सहारनपुर)। कस्बे के डीटीएस डिग्री कॉलेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर से रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद 183 लोगों को छुट्टी दे दी गई। उधर छुटमलपुर क्षेत्र के जीवाला क्वारंटीन सेंटर से 74 और मुजफ्फराबाद से 54 लोगों को भी छुट्टी दे दी गई।
सीएचसी सरसावा के प्रभारी डॉ राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि डीटीएस डिग्री कॉलेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में जोधपुर से आए 184 लोग पिछले एक सप्ताह से रह रहे थे। इन सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 181 की निगेटिव रिपोर्ट शनिवार की रात को आ गई थी। कुछ लोगों को रात में ही तथा बाकी को रविवार की सुबह प्रमाण पत्र देकर भेज दिया गया। यहां शेष बचे तीन लोगों को सरसावा भेजा गया है। उन्होंने बताया कि सेंट मैरी स्कूल में 100 लोग रह रहे हैं, जिनमें 71 पुरुष, सात महिला तथा 23 बच्चे हैं।
छुटमलपुर क्षेत्र में बनाए गए जीवाला क्वारंटीन सेंटर से सभी 74 लोगों को रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद छुट्टी दे दी गई है। जबकि मुजफ्फराबाद सेंटर से 54 ऐसे प्रवासी मजदूरों को छोड़ा गया है, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। एसडीएम बेहट दीप्ति देव ने बताया कि जीवाला सेंटर में फिलहाल कोई भी क्वारंटीन नहीं है। जबकि मुजफ्फराबाद में रात और रविवार की सुबह आए लोगों को मिला कर कुल दस लोग क्वारंटीन किए गए हैं।