सहारनपुर। जनपद में बृहस्पतिवार को एक प्रधानाचार्य और शिक्षिका सहित 28 कोरोना संक्रमित मिले। इनके साथ ही जनपद में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 8792 हो गई है। उधर, बृहस्पतिवार को 21 लोग ठीक भी हुए।
बृहस्पतिवार को मिले संक्रमितों में कोतवाली सदर क्षेत्र के एक विद्यालय की प्रधानाचार्य तथा नगर कोतवाली क्षेत्र के इंटर कॉलेज की शिक्षिका शामिल है। एआरसी सेंटर सरसावा और सरकड़ी शेख में तीन-तीन तथा हकीकत नगर में दो लोग संक्रमित मिले। इनके अलावा तल्हेड़ी, हिम्मतनगर, जिला जेल, राजकीय मेडिकल कॉलेज, तीतरो, माधोपुर, सरसावा, मीरपुर, खुडाना, प्रताप नगर, पंत विहार, मोहित विहार, मोहल्ला कायस्थान, अहमदबाद, रेलवे स्टेशन आदि जगहों पर एक एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला।
स्कूलों में पहुंचा कोरोना
सहारनपुर। सरकार ने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यालय पहले से ही खोले हुए है। 23 नवंबर से महाविद्यालय भी खोल दिए गए हैं। अब धीरे-धीरे कोरोना विद्यालयों में पहुंचने लगा है। बुधवार को ही शहर के एक इंटर कॉलेज की शिक्षिका की कोरोना से मौत हुई। अगले ही दिन एक विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा दूसरे विद्यालय की शिक्षिका कोरोना संक्रमित पाई गई है। विद्यालय में शिक्षकों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद अभिभावक टेंशन में हैं।