सहारनपुर। मंडल के तीन जिलों में विदेश से आ रहे 262 संदिग्ध मरीजों की निगरानी कराई जा रही है। इनमें सहारनपुर जिले के 109, मुजफ्फरनगर में 118 और शामली में 35 लोग शामिल हैं।
अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यालय के मुताबिक इन सभी व्यक्तियों की निगरानी की जा रही है। इनमें से कोई भी व्यक्ति अब तक कोरोना से प्रभावित नहीं पाया गया है। जनपद सहारनपुर मे तीन आइसोलेशन वार्ड जिला चिकित्सालय-18 बेड, जिला महिला चिकित्सालय-चार बेड, मेडिकल कालेज-30 बेड शामिल हैं। इनके अलावा मुजफ्फरनगर में तीन जिला चिकित्सालय- छह बेड, मेडिकल कालेज- 10 बेड, सीएचसी मखियाली- चार बेड एवं जनपद शामली में एक आइसोलेशन वार्ड सीएचीसी शामली-पांच आरक्षित किए गए हैं। तीनों जिलों में ही आउटब्रेक रिस्पांस टीम का गठन किया जा चुका है।
निजी अस्पतालों को देनी होगी रिपोर्ट
- जिले के किसी निजी चिकित्सालय में यदि कोरोना वायरस से संबंधित संदिग्ध या पुष्ट मरीज के बारे में कोई सूचना मिलती है तो उसकी रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय या नोडल अफसर को देनी होगी। इसके दिशा निर्देश निजी चिकित्सकों को दिए गए हैं। जिले में चीन, हांगकांग, सिंगापुर, थाइलैंड, दक्षिण कोरिया, जापान, मलयेशिया, इंडोनेशिया, नेपाल, इटली, ईरान, फ्रांस से आने वाले यात्रियों पर निगरानी रखी जा रही है।
कोरोना इफेक्ट..कोर्ट में कड़ी सुरक्षा में चेकिंग
- सिविल कोर्ट में कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए अधिवक्ताओं की ओर से 31 मार्च तक न्यायिक कार्यों से विरत रहने के बावजूद बृहस्पतिवार को भी मुख्य गेट पर कड़ी सुरक्षा के बीच चेकिंग की गई। वादों की सुनवाई के अलावा वकीलों, मुंशियों सहित अन्य लोगों के प्रवेश के समय जांच की गई। इसके साथ ही जो वादकारी पहुंच गए थे। उन्हें बताया गया कि फिलहाल वादों पर सुनवाई नहीं हो पा रही है।