सहारनपुर। गर्मी की वजह से सरकारी अस्पतालों में उल्टी-दस्त, बुखार और पेट संबंधी बीमारियों के मरीज बढ़ गए। इससे ओआरएस की खपत में इजाफा हुआ है। जनपदीय ड्रग वेयर हाउस से 57 दिनों में 2.44 लाख ओआरएस के पैकेट सरकारी अस्पतालों को भेजे गए। वहीं, जिला अस्पताल ने 50 हजार पैकेटों की डिमांड भेज दी है।
बच्चों से लेकर बड़े डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज, एसबीडी जिला अस्पताल और सीएचसी पर मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गर्मी से बीमार पड़े मरीजों को ओआरएस का पैकेट दिया जा रहा है। अप्रैल महीने में जनपदीय ड्रग वेयर हाउस से 1.58 लाख ओआरएस के पैकेट राजकीय मेडिकल कॉलेज, एसबीडी जिला अस्पताल, सभी सीएचसी, पीएचसी और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को वितरित किए।
मई महीने में अब तक 86 हजार रुपये ओआरएस पैकेट बांटे जा चुके हैं। एसबीडी जिला अस्पताल की बात करें तो यहां अप्रैल में 5500 ओआरएस पैकेट लगे। मई में छह हजार पैकेट लग गए है। फिलहाल स्टॉक में 10,500 ओआरएस पैकेट रह गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने जनपदीय ड्रग वेयर हाउस को 50 हजार पैकेटों की डिमांड भेजी है।