गंगोह। मंडी से फसल बेचकर लौट रहे गांव भायला निवासी किसान अभिषेक पुंडीर से बाइक पर लिफ्ट लेकर ठग ने बैग से दो लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए। पीडि़त ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराकर रुपये बरामद कराने की मांग की है।
पीड़ित किसान ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह फसल बेचकर गंगोह की नई अनाज मंडी से दो लाख 30 हजार रुपये एक आढ़ती से लेकर लौट रहा था। उसने यह रकम अपने पिट्ठू बैग में रखकर कमर से बांधा हुआ था। बाइक पर सवार होकर वह जैसे ही नानौता रोड की तरफ मुड़ा तो एक युवक ने उसे हाथ देकर लिफ्ट मांगी। मानवता के नाते उसने युवक को पीछे बिठा लिया। युवक ने कुछ ही दूरी पर स्थित सांगाठेड़ा गांव के पास उतरने की बात कही और वहीं उतर गया। जब अभिषेक अपने गांव पहुंचा और बैग उतारा तो उसकी चैन टूटी हुई मिली। बैग में रुपये न पाकर किसान के होश उड़ गए। वह तुरंत थाने पहुंचा और तहरीर देकर रुपये बरामद कराने की गुहार लगाई।