सहारनपुर। बरसात के मौसम को देखते हुए इन दिनों में जिले में मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसी के चलते स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। इसके लिए शुक्रवार को चकहरेटी और ब्लॉक पुवांरका के गांव सरकड़ी शेख के तालाबों में गंबूसिया मछलियां छोड़ी गईं।
जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि पुराने फ्रिज भी डेंगू का खतरा बन सकते हैं। उनमें पीछे की तरफ एक ट्रे लगी होती है, उसको समय-समय पर साफ करें, जिससे उसमें लार्वा न पनप पाए। उन्होंने यह भी बताया कि हरिद्वार में राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान से गंबूसिया मछलियां मंगाई हैं।
इन मछलियों की खास बात यह है कि यह मच्छर का लार्वा खा जाती हैं, जिससे मच्छरों की आबादी पर नियंत्रण पाया जाता है। गांवों और मोहल्लों में लोगों को बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ जमा पानी में पनपता है, जैसे कूलर, गमले, छतों पर रखे टायर, बोतलें, ट्रे आदि।
इन्हें हफ्ते में कम से कम एक बार साफ करना जरूरी है। इस मौके पर नीरज कुमार, बिट्टू, गौरव वर्मा, ज्ञानप्रकाश, कीर्ति आदि रहे।