उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए परिवहन विभाग ने बिना मास्क व क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले वाहनों (टेंपो, ऑटो) के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 22 वाहनों के चालान काटे गए और 70 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
अमर उजाला ने मंगलवार के ही अंक में यह मुद्दा प्रमुखता से प्रकाशित किया। क्योंकि कोरोना संक्रमण बढ़ने के बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं और थ्री व्हीलरों में क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठाई जा रही हैं।
इसी के चलते मंगलवार को संभागीय परिवहन विभाग ने ऐसे वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। एआरटीओ प्रवर्तन आरपी मिश्रा ने विभाग की टीम के साथ दिल्ली रोड, अंबाला रोड व देहरादून रोड पर बिना मास्क व क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले टेंपो व टैक्सी चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। चालकों को सख्त हिदायत भी दी गई कि सवारियों को बगैर मास्क ना बैठाएं और खुद भी मास्क अनिवार्य रूप से पहनें और क्षमता से ज्यादा सवारियां ना बैठाई जाएं।
यह भी पढ़ें: यूपी: तेजी से बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा, श्मशान घाटों पर अव्यवस्था का आलम, पढ़िए पूरी रिपोर्ट
एआरटीओ आरपी मिश्रा ने बताया कि चेकिंग अभियान में 22 टेंपो व टैक्सी के चालान काटे गए और 70 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया। उन्होंने बताया कि बढ़ते कोरोना के मामलों के मद्देनजर बिना मास्क व क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: भयावह स्थिति: कोरोना ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, पश्चिमी यूपी में एक दिन में मिले 2588 नए मरीज, लोगों में फैल रही दहशत