सहारनपुर। गन्ना समिति सरसावा में मुख्य खाद गोदाम पर निरीक्षण करते हुए उप गन्ना आयुक्त डॉक्टर दिनेश्वर मिश्र ने कहा कि गोदाम पर आने वाले कृषकों को मर्दा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार ही उर्वरक एवं अन्य कृषि निवेश दिया जाए।
उन्होंने कहा कि कृषक के कार्ड में जिस तत्व की मृदा में कमी हो वही दिया जाए और जो तत्व मृदा में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, उसके संबंध में किसानों को समझाया जाए कि उसको अभी खेत में डालने की आवश्यकता नहीं है। इसलिए वह इसको न खरीदें, और इसके स्थान पर मृदा कार्ड में कमी वाला तत्व लेकर जाएं और डालें। मौके पर उपस्थित किसानों से नई व्यवस्था में सहयोग देने का आग्रह किया। निरीक्षण के समय गोदाम प्रभारी एवं सचिव गन्ना समिति को इस व्यवस्था को सभी गोदामों पर लागू कराने का निर्देश दिया। साथ ही उप गन्ना आयुक्त ने समिति का भी निरीक्षण किया और गन्ना परिषद सरसावा का भी निरीक्षण किया और उपस्थित मुख्य गन्ना अधिकारी एवं ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रहे गन्ना सर्वेक्षण कार्य का प्रतिदिन निरीक्षण करते रहें और प्रतिदिन के सर्वे की रिपोर्ट सुरक्षित रखें। कंप्यूटर प्रभारियों को भी गन्ना सर्वेक्षण के कार्य के आंकड़े का रोजाना प्रिंट निकाल कर रखने को कहा। साथ ही ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक कृषक का घोषणा पत्र अनिवार्य रूप से भरवाने, कृषक ही यह लिख कर देंगे की उनके पास कुल कितना एवं किस प्रजाति का गन्ना है, साथ ही सभी किसान भाइयों को यह भी समझाया जाए कि, जिस किसान का घोषणा पत्र नहीं आएगा, आने वाले अगले सत्र में उनका बेसिक कोटा नहीं बन पाएगा और पर्चियां जारी नहीं हो सकेंगी। इस दौरान ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक सरसावा डॉक्टर उदयभान राव, डॉक्टर यशपाल सिंह, ओमबीर सिंह, दीपक नागर, अश्वनी जैन, गोदाम प्रभारी महाबीर सिंह आदि उपस्थित रहे।