तेजी से कराएं श्रम योगी मान धन योजना के पंजीकरण : डीएम
सहारनपुर। प्रधानमंत्री श्रम योगी मान धन (पेंशन) योजना का शुभारंभ पांच मार्च को होगा। इसकी तैयारियों के लिए जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिया कि योजना के पात्र कर्मकारों का पंजीकरण कराने में तेजी लाएं। यदि इसमें लापरवाही बरती गई, तो कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पांच मार्च तक संबंधित अधिकारियों को अवकाश नहीं मिलेगा।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन (पेंशन) योजना के संबंध में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत पात्र कर्मकारों में गृह आधारित कामगार, गली में फेरी लगाने वाले, मध्याह्न भोजन कर्मकार, सिर पर बोझा उठाने वाले, ईंट भट्ठा कामगार, मोची, कूड़ा बीनने वाले, घरेलू नौकर, धोबी, रिक्शा चालक, ग्रामीण भूमिहीन श्रमिक, स्वरोजगार कर्मकार, खेतिहर मजदूर, सन्निर्माण मजदूर, हथकरघा कामगार, चमड़ा कामगार, दृश्य श्रव्य कामगार के अलावा ऐसे ही अन्य व्यवसाय में कार्यरत कामगारों को 60 वर्ष की आयु पर न्यूनतम तीन हजार रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। पेंशन पाने के दौरान मृत्यु होने पर परिवार पेंशन के रूप में पति/पत्नी को 50 प्रतिशत पेंशन मिलेगी। पात्रता की सूची में ऐसे लोग शामिल होंगे, जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष के मध्य आयु हो, मासिक आय 15000 रुपये या उससे कम हो। लाभार्थी का बैंक में अपने नाम से बचत खाता और आधार संख्या हो। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष की आयु प्राप्त करने के बाद इस योजना के अधीन प्रत्येक पात्र को न्यूनतम मासिक पेंशन तीन हजार रुपये मिलेगी। पात्र को आधार कार्ड, बचत बैंक पासबुक/जनधन खाता, पात्र होने का स्वयं का घोषणा पत्र, नामिनी (पति/पत्नी) का विवरण एवं मोबाइल नंबर देना होगा। विभिन्न विभागों के तहत मानदेय पर कार्य करने वाले कार्मिकों का पंजीकरण करने तथा उन्हें लाभान्वित करने के निर्देश दिए है। ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत मानदेय पर कार्य करने वाले रोजगार सेवक, मनरेगा श्रमिकों, आशा वर्कर, महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के अलावा प्राइवेट सेक्टर में मानदेय पर कार्यरत कार्मिकों का भी पंजीकरण इसमें कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि पांच मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद से इस योजना का शुभारंभ करेंगे। सहारनपुर में आईटीसी सभागार में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। साथ ही सभी तहसील और ब्लाक स्तर पर भी यह कार्यक्रम होगा। उप श्रमायुक्त रामअवतार श्रीवास को निर्देश दिया कि 05 मार्च को होने वाले कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करा लें। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, उपश्रमायुक्त रामअवतार श्रीवास के अलावा विभागीय अधिकारी व व्यापार मण्डल के लोग मौजूद रहे।