सहारनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों से लंबे समय से गायब चल रहे 27 शिक्षकों को बर्खास्त करने की बड़ी कार्रवाई की है। बार-बार नोटिस भेजने के बाद भी उक्त शिक्षकों ने विभाग से संपर्क नहीं किया, जिसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मंगलवार को उनकी सेवा समाप्त कर दी। बर्खास्त होने वाले 27 शिक्षकों में से 22 महिलाएं शामिल हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकरी रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में शिक्षक परिषदीय विद्यालयों से अनुपस्थित चल रहे हैं। उक्त शिक्षकों को उनकी सेवा पंजिका में अंकित पते पर विभिन्न पत्रांकों द्वारा नोटिस जारी किए गए, मगर शिक्षकों के द्वारा नोटिस का जवाब नहीं दिया गया। 31 जनवरी 2019 को समाचार पत्रों के माध्यम से भी उक्त शिक्षकों को उनके कार्यालय में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया, मगर शिक्षक तय तिथि में उपस्थित नहीं हुए, जबकि सेवा समाप्त करने की चेतावनी भी दी गई थी। बार-बार नोटिस और निर्देशों की अनदेखी करने पर संबंधित शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी गई है। इनमें तीन शिक्षक बलियाखेड़ी, आठ शिक्षक मुजफ्फराबाद, तीन शिक्षक सरसावा, दो शिक्षक रामपुर मनिहारान, दो शिक्षक नकुड़, पांच शिक्षक नानौता, तीन शिक्षक साढौली कदीम और एक शिक्षक नागल का शामिल है।
इन शिक्षकों की हुई सेवा समाप्त
प्राथमिक विद्यालय फिराहेड़ी की सहायक अध्यापक राजलक्ष्मी अग्रवाल, प्राथमिक विद्यालय-2 गणेशपुर की सहायक अध्यापक रीना सिंह, प्राथमिक विद्यालय कुरड़ीखेड़ा-2 की सहायक अध्यापक शिवानी चौधरी, प्राथमिक विद्यालय भागूवाला की सहायक अध्यापक सुनीता सिंघल, प्राथमिक विद्यालय कलसिया की सहायक अध्यापक प्रीति सैनी, प्राथमिक विद्यालय शेखपुर के सहायक अध्यापक राजीव कांबोज, प्राथमिक विद्यालय संगमौर की सहायक अध्यापक पारुल जैन, प्राथमिक विद्यालय-1 सरसावा की सहायक अध्यापक रजनी रानी, प्राथमिक विद्यालय सीकारी खुर्द की सहायक अध्यापक मोनिका जैन, प्राथमिक विद्यालय नंदपुर की सहायक अध्यापक सरिता चौधरी, प्राथमिक विद्यालय चढ़ाव की सहायक अध्यापक छवि, प्राथमिक विद्यालय मानकपुर की सहायक अध्यापक रूपा सैनी, प्राथमिक विद्यालय हंगवाली के सहायक अध्यापक संजीव कुमार, प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर की सहायक अध्यापक पवित्री, प्राथमिक विद्यालय जंबूगढ़ की सहायक अध्यापक उषा रानी, प्राथमिक विद्यालय कातला की सहायक अध्यापक शैली शर्मा, प्राथमिक विद्यालय-2 बड़गांव के सहायक अध्यापक नीरज पंवार, प्राथमिक विद्यालय-1 हरिपुर की सहायक अध्यापक ज्योति रावत, प्राथमिक विद्यालय-3 बेहट की सहायक अध्यापक अनु, प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर गुर्जर की सहायक अध्यापक प्रीति वर्मा, प्राथमिक विद्यालय ग्वालिरा की सहायक अध्यापक अर्चना, प्राथमिक विद्यालय नगली महनाज के सहायक अध्यापक अमित कुमार, प्राथमिक विद्यालय मियानगी की सहायक अध्यापक राशि त्यागी, प्राथमिक विद्यालय-1 रायपुर के सहायक अध्यापक अनिल कुमार, प्राथमिक विद्यालय रसूलपुरकलां की सहायक अध्यापक श्रद्धा शर्मा, प्राथमिक विद्यालय संसारपुर की सहायक अध्यापक अंशु कामरा और प्राथमिक विद्यालय बिहारीगढ़ की सहायक अध्यापक बबीता शामिल हैं।