सहारनपुर। मंडी कोतवाली क्षेत्र के कमेला कॉलोनी स्थित फोम एवं स्क्रैप के गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख होग गया। दमकल की गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मोहल्ला ढोली खाल निवासी हाजी सलीम की कमेला कॉलोनी में फोम शीट बनाने की फैक्ट्री एवं गोदाम है। यहां पर ही सलीम की बोन क्रैश फैक्ट्री भी है और स्क्रैप का भी काम है। सलीम के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह करीब 10.45 बजे फैक्ट्री के बाहर बिजली के तारों से अचानक चिंगारी उठी और पास में ही रखे फोम पर गिर गई। जिससे फोन ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग बढ़ती चली गई और स्क्रैप को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग को देखकर गोदाम एवं फैक्ट्री पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने फायर ब्रिगेड को आग की सूचना दी। मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंची। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, तब तक लाखों रुपये का फोम, स्क्रैप एवं अन्य सामान जल चुका था।