छुटमलपुर (सहारनपुर)। फतेहपुर बिजलीघर की मशीनों में तकनीकी खामी के चलते इससे जुड़े छुटमलपुर सहित 42 गांवों की बत्ती पिछले चालीस घंटे से गुल पड़ी है। इसके चलते लोग पीने के पानी तक को तरस गए हैं। उपभोक्ताओं ने जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
मंगलवार की सुबह साढे़ पांच बजे फतेहपुर बिजलीघर की इनकमिंग ओसीबी संख्या एक में फाल्ट के बाद पूरा बिजलीघर ठप हो गया था। इसके चलते इससे जुड़े छुटमलपुर सहित 42 गांवों की बत्ती भी पिछले चालीस घंटे से गुल पड़ी है। बिजली न आने के कारण लोग पीने के पानी तक को तरस गए हैं। जिन घरों में हैंडपंप नहीं है उनमें रहने वाले लोग सरकारी नलों पर लाइन में लगकर पानी भरने को मजबूर हैं। बिजली आधारित उपकरण भी शोपीस बन कर रह गए हैं। ठंड के मौसम में बिजली की किल्लत उपभोक्ताओं की समस्याओं को बढ़ाने का काम कर रही है। लगातार बिजली कट से इन्वर्टर तक डाउन हो गए हैं। बुधवार को मोबाइल तक चार्ज करने के लिए लोग जनरेटर वाली दुकानों की दौड़ लगाते नजर आए। उपभोक्ताओं मुकेश सैनी, राजीव शर्मा, विकास गुप्ता, संदीप रोहिला, संजय अग्रवाल, नीरज गोयल, कंवरपाल राठी, सुधीर राणा, शुभम सैनी आदि ने जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उधर अधिशासी अभियंता बेहट ने बताया कि तकनीकी खामी को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। रात तक आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।