सहारनपुर। अवैध खनन की जांच के लिए सहारनपुर पहुंची सीबीआई ने शिकायतकर्ताओं से पूछताछ करनी शुरू कर दी है। बुधवार को एक शिकायतकर्ता से सीबीआई ने घंटों पूछताछ की और साक्ष्य प्राप्त किए।
जिले में अवैध खनन एवं परिवहन किए जाने की लगातार हो रहीं जिले में एनजीटी की रोक के बावजूद अवैध रूप से खनन किए जाने की शिकायतें होती रहीं। शिकायतों की जांच के लिए तीन दिन पूर्व सहारनपुर पहुंची सीबीआई की टीम ने अब शिकायतकर्ताओं से साक्ष्य एकत्रित करने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को एक शिकायतकर्ता रणवीर से सीबीआई की टीम ने घंटों तक पूछताछ की। टीम ने रणवीर से अवैध खनन एवं परिवहन संबंधी साक्ष्य भी प्राप्त किए। शिकायतकर्ता से सीबीआई ने अवैध खनन के प्वाइंट के बारे में भी जानकारी की। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम ने लगभग तीन सौ से अधिक स्थानों की जानकारी प्राप्त कर ली है। कुछ और शिकायतकर्ताओं को बुलाया गया है। सहारनपुर में अवैध खनन कई बार पकड़ा गया है। छह माह पूर्व प्रभारी मंत्री ने ही बेहट में अवैध खनन करते हुए मौके पर दर्जनों वाहनों को पकड़ा था। फिर भी इस पर रोक नहीं लगाई जा सकी। अवैध खनन को लेकर कई बार गोलियां भी चलीं और पुलिस पर भी हमला हुआ है।