सहारनपुर। कर्ज माफी से वंचित रह गए दो हजार किसानों ने पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिनमें से 1203 किसान पात्र मिले हैं। जिला कृषि विभाग ने इन किसानों का कर्ज माफ करने के लिए शासन को रिपोर्ट भेज दी है।
जिला कृषि विभाग के मुताबिक ऋण मोचन योजना के तहत जिले में 50 हजार किसानों का एक लाख रुपये तक कर्जा माफ हो चुका है। 31 मार्च तक किसानों ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिनका निस्तारण कर दिया गया था। इसके बाद पोर्टल बंद हो गया था। बड़ी संख्या में किसानों ने खुद को पात्र बताते हुए उच्चाधिकारियों और शासन को पत्र भेजकर कर्ज माफ करने की मांग की थी। गांव चुनहैटी निवासी किसान रमेशपाल पाल, पुवांरका निवासी सलीम अहमद, गांव मदनूकी निवासी कंवरपाल सहित कई किसानों ने शासन को पत्र भेजा था। शासन ने किसानों को एक बार फिर मौका देते हुए एक से पंद्रह जून तक के लिए पोर्टल खोल दिया था, जिसमें जिले के दो हजार किसानों ने कर्ज माफी के लिए पात्र होने का दावा करते हुए ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। जिला कृषि विभाग ने किसानों की जांच की तो 1203 किसान कर्ज माफी के लिए पात्र मिले हैं। विभाग ने इन किसानों की जांच कर रिपोर्ट शासन को भेज दी है। जिला कृषि अधिकारी अरुणेश प्रताप ने बताया कि 1203 किसान पात्र मिले हैं, जिनकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। जल्द शासन स्तर से इनका कर्ज माफ हो जाएगा।