कब्रिस्तान से सड़क हटवाने को ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
लखनौती। गांव खानपुर गुर्जर में बच्चों की कब्र के ऊपर से सड़क बनाने के प्रकरण में ग्रामीणों ने कोतवाली पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बाद प्रशासन ने सड़क तो दूसरी जगह से निकलवा दी, लेकिन कब्रिस्तान में बनी सड़क को नहीं हटवाया गया। इससे बच्चों की कब्रों के ऊपर से आम रास्ता बन जाएगा।
ब्लाक गंगोह के गांव खानपुर गुर्जर में ग्राम प्रधान ने हिंदुओं के बच्चों के कब्रिस्तान से मिट्टी डालकर सड़क बनवा दी थी। ग्रामीणों के विरोध के बाद उस पर खड़ंजा नहीं बिछ पाया था। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत करते हुए कहा था कि यह मृतक बच्चों का कब्रिस्तान है। इसकी बराबर से सड़क निकलनी चाहिए। शनिवार को प्रशासन द्वारा कब्रिस्तान की बराबर से मिट्टी डालकर सड़क का निर्माण करा दिया गया। सुंदरलाल, शुभम, यशपाल, ताराचंद, सुरेशचंद, सतपाल, रमेश, मुकेश, राजकुमार, नाथीराम, अर्जुन, रामपाल, जगदीश, राकेश, तेजपाल, नरेश आदि ग्रामीणों ने बताया कि सड़क तो प्रशासन ने दूसरी जगह से निकलवा दी है। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों से सड़क हटवाने की मांग की, लेकिन फिर भी सड़क नहीं हटाई गई। ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए सड़क हटवाने की मांग की है।