सहारनपुर। संयुक्त गन्ना आयुक्त डॉ. आरसी पाठक ने कहा कि पूरा गन्ना सप्लाई हुए बिना शुगर मिलों को बंद नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मिलों को बंदी की संभावित तिथि से दस दिन पहले गांवों में मुनादी कराने के साथ ही किसानों को एसएमएस के माध्यम से सूचना देनी होगी।
मंगलवार को गन्ना भवन सभागार में आयोजित गन्ना विभाग के अधिकारियों, शुगर मिलों के प्रधान प्रबंधकों की बैठक में गन्ना पेराई और खेत में खडे़ गन्ने की समीक्षा की गई। संयुक्त गन्ना आयुक्त डॉ. आरसी पाठक ने कहा कि प्रमुख गन्ना सचिव संजय भुसरेड्डी के स्पष्ट निर्देश हैं कि क्षेत्र में गन्ना खड़ा रहने तक मिलों को किसी भी सूरत में बंद नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि मिल की संभावित बंदी से 10 दिन पूर्व गांवों में मुनादी कराकर और एसएमएस भेजकर किसानों को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रों की बंदी से तिथि से 5 दिन पहले उस पर नोटिस चस्पां करा दिया जाए। उन्होंने गन्ना विकास समितियों के सचिवों और वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों को निर्देश दिए कि वे क्रय केंद्रों की बंदी से तीन दिन पूर्व क्षेत्र में गन्ने की स्थिति देख लें। इस दौरान उप गन्ना आयुक्त डॉ. दिनेश्वर मिश्र, जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी, वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक इंद्रजीत यादव, डॉ. यशपाल सिंह, मणिकांत सिंह, रीना, पीके सिंह, एसपी सिंह के साथ ही सभी चीनी मिलों के प्रबंधक आदि मौजूद रहे।