अधिक से अधिक पौधे लगाएं, धरती को बचाएं
सहारनपुर। पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में शहर की अनेक शिक्षण संस्थाओं में विचार गोष्ठियां आयोजित की गईं। कई स्कूलों में पौधरोपण भी हुआ। बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता और नाटिकाओं के माध्यम से धरती को बचाने का संदेश दिया।
मुन्नालाल एवं जयनारायण खेमका गर्ल्स कॉलेज में वन विभाग की ओर से आयोजित पृथ्वी दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने की। सांसद ने कहा कि यदि हमें धरती को बचाना है तो अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। वनों को बचाना होगा। उन्होंने बर्ड वाचिंग में सहभागिता करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। वनाधिकारी विजय सिंह ने कहा कि पेड़ और पौधों में प्रदूषण को हराने की ताकत है। हमें धरती को अधिक से अधिक हरा-भरा बनाना होगा। प्राचार्य डॉ. मधु जैन ने छात्राओं से पॉलीथिन और अन्य प्लास्टिक का त्याग करने तथा पेड़ों केे बचाने और नए पौधे लगाने की अपील की। इस मौके पर पंकज छाबड़ा, डॉ. अमिला अग्रवाल, रेंजर अलिमा, शालिनी, शिवानी सैनी, मोनिका, काजल, इंदू, रजनी, खुशी आदि मौजूद रहीं। पर्यावरण संरक्षण समिति की ओर से मल्हीपुर रोड पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। संयोजक शिव कुमार ने धरती को बचाने की अपील की। कहा कि यदि हम अपने बच्चों को अच्छा वातावरण देना चाहते हैं तो हमें धरती के दुरुपयोग को बचाना होगा। अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। इस मौके पर विशाल, रेनू, अवनीश, दीपक, विपिन, लवली सिंह, आकाश, कंवरपाल आदि मौजूद रहे। उधर, प्रज्ञान स्थली स्कूल में अर्थ डे मनाया गया। बच्चों को धरती को बचाने की जानकारी दी गई। बच्चों के बीच नो प्लास्टिक विषय पर स्लोगन प्रतियोगिता कराई गई। प्रधानाचार्य पारितोष कालरा ने धरा को बचाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।