अंबेहटा (सहारनपुर)। गेहूं चावल से लदी ट्रैक्टर ट्राली को लोगों ने सरकारी राशन की कालाबाजारी के शक में रोक लिया। बाद में इसकी सूचना एसडीएम को दी गई। एसडीएम के आदेश पर कस्बे में पहुंचे पूर्ति निरीक्षक ने राशन की दुकानों का स्टाक चेक किया।
मंगलवार की दुपहर कुछ लोगों ने एक ट्रैक्टर ट्राली में सरकारी बोरे में भरा राशन ब्रिकी के लिए जाते देखा। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल एसडीएम नकुड़ को दी। एसडीएम ने अंबेहटा पुलिस को ट्रैक्टर ट्राली रोकने के आदेश देकर पूर्ति निरीक्षक दिनेश चंद्रा को जांच के लिए मौके पर भेज दिया। दिनेश चंद्रा ने ट्रैक्टर के चालक से राशन के बारे में जानकारी ली और चालक द्वारा बताई गई राशन की दुकानों पर पूर्ति निरीक्षक ने पुलिस बल के साथ छापा मारा। पूर्ति निरीक्षक ने दो दुकानों का स्टाक चेक किया। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि जांच में एक दुकान पर गेहूं के 20 कट्टे स्टाक से ज्यादा मिले हैं जबकि दूसरी दुकान का स्टाक ठीक मिला। बाद में जिला पूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचे तथा जानकारी हासिल की। जिला पूर्ति अधिकारी का कहना है कि पूरे मामले से जिलाधिकारी को अवगत कराया जा रहा है, उन्हीं के निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई होगी। पकड़े गए राशन को फिलहाल कस्बे के ही एक राशन डीलर की सुपुर्दगी में दिया गया है।