शिक्षक की तरह कमिश्नर ने बच्चों से पूछे सवाल
सहारनपुर। कमिश्नर चंद्रप्रकाश त्रिपाठी मंगलवार को गोद लिए गांव मल्हीपुर पहुंचे। यहां सबसे पहले वह प्राथमिक विद्यालय पहुंचे, जहां बच्चों के सामने शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने बच्चों से अंग्रेजी के सवाल पूछे। कक्षा छह, सात और आठ के बच्चों की कापियां चेक कीं। उन्होेंने बच्चों को पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के बारे में बताते हुए उनके जैसा बनने की सीख दी।
उन्होंने बच्चों से अपनी जिंदगी के अनुभव साझा किए। कहा कि वह इस गांव और यहां के बच्चों को कभी नहीं भूलेंगे और समय-समय पर स्कूल आते रहेंगे। बच्चों को कड़ी मेहनत के साथ पढ़ाई कर सफल और अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा से कोई भी व्यक्ति बड़ी से बड़ी ऊंचाई पर पहुंच सकता है। बच्चों को लक्ष्य निर्धारित करने, सपने देखने और उन सपनों व लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करने की बात कही।
कमिश्नर ने बच्चों को इंटरनेट और कंप्यूटर की जानकारी दी। बच्चों को सफाई अपनाने को कहा। बच्चों के लिए बने मिड डे मील को चेक किया। शिक्षकों को मिड डे मील चेक करने के बाद ही बच्चों को परोसने के निर्देश दिए। कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र का निर्माता होता है। उसे अन्य लोगों की तुलना में अपनी जिम्मेदारी का और अधिक गंभीरता के साथ निर्वहन करना चाहिए।