देशभक्ति और पंजाबी लोकगीतों से बच्चों ने मचाया धमाल
नकुड़। पतंजलि स्कूल में वार्षिकोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। छात्रों ने सैनिकों के सम्मान में नाटक के प्रभावी मंचन के साथ ही देशभक्ति, हरियाणवी व पंजाबी लोकगीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर तालियां बटोरी।
शनिवार देर शाम नगर के जुड्डी रोड स्थित पतंजलि स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में आयुष मंत्री डा. धर्मसिंह सैनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों के अंदर की झिझक दूर होने के साथ ही उनका मानसिक व शारीरिक विकास होता है। इसीलिए अभिभावकों को चाहिए कि वह अपने बच्चों को स्कूल के मंच पर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में पालिका चेयरमैन शाहनवाज खान, एमडीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक तेलूराम सैनी, सीएस नेशनल इंटर कालेज के प्रबंधक पवन सिंह राठौर आदि ने भी विचार रखे। छात्राओं ने स्वागत गीत पर नृत्य की प्रस्तुति देकर अतिथियों व अभिभावकों का स्वागत किया। रंगारंग कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, हरियाणवी व पंजाबी लोकगीतों नृत्य की खूबसूरत प्रस्तुति दी तथा सैनिकों के सम्मान में लघु नाटिका प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। स्कूल प्रबंधक डा. सचिन सैनी ने अतिथियों का स्वागत कर आभार जताया। कार्यक्रम में भाजपा नेता अनिल सैनी, डा. विनोद गुप्ता, प्रधान सत्यपाल सैनी, राज कुमार चौधरी, शैफुल इस्लाम व मनोज धनगर आदि अभिभावक रहे।