गंगोह (सहारनपुर)। पूरनमल राम लाल डिग्री कालेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय शिविर गांव जंधेड़ा में शुक्रवार को शुरू हो गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों को अनुशासन में रहकर सामाजिक कार्य में भाग लेने की प्रेरणा दी गई।
गांव के प्राथमिक विद्यालय में आयोजित शिविर का आरंभ प्राचार्य डॉ. पवन कुमार बंसल, लक्ष्य सैनी, कबूल सिंह, वीरेंद्र सिंह आदि ने मां सरस्वती के समक्ष दीप जलाकर किया। निशा, पारुल, चांदनी ने मां सरस्वती की वंदना और रजनी, प्रीति व प्रियंका ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्राचार्य ने स्वयंसेवकों को अनुशासन में रह कर सामाजिक कार्य करने की सीख दी। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने शिविर में आए अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने स्वयंसेवकों को सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि शिविर में स्वयंसेवकों को साथ लेकर अनेक कार्य कराए जाएंगे। इस दौरान रामकुमार, हेमंत गुप्ता, नितिका रानी, राजकुमार शर्मा, संजय कुमार, शुभम आदि मौजूद रहे।