सहारनपुर। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने नगर में बढ़ती जाम की समस्या पर रोष जताते हुए अधिकारियों को शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम, सिंचाई विभाग, परिवहन विभाग तथा जिला प्रशासन मिलकर एक ऐसी कार्ययोजना तैयार करें जिससे शहर को जाम से मुक्ति मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर के बीच से गुजरने वाले भारी वाहनों को निकालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार कर ठोस रणनीति बनाई जाए।
कमिश्नर ने अपने कार्यालय में आयोजित बैठक में कहा कि अतिक्रमण वाले स्थानों का चिन्हांकन कर तत्काल कार्यवाही की जायें। उन्होंने कहा कि शहरों में बढ़ते यातायात की दबाव के चलते कई समस्याएं पैदा होती है। सहारनपुर-देवबंद मार्ग पर पेपर मिल के पास अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे से इस संबंध में समन्वय स्थापित कर वहां ओवरब्रिज बनाए जाने की कार्यवाही की जाए, जिससे बड़े वाहन आसानी से गुजर सकें और जाम की समस्या से भी निजात मिल सकें।
मंडलायुक्त ने कहा कि नगर में विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों को सकुशल निकाले जाने की पुख्ता व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के साथ ही हसनपुर चौराहे से लेकर बड़े पुल तक सड़क के चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शाओं पर भी अंकुश लगाने और महानगर विस्तार योजना के लिए नगर में ओवर ब्रिज बनाये जाने के स्थानों के चिन्हांकन करने के भी निर्देश भी दिए।
बैठक में जिलाधिकारी पीके पांडेय, अपर आयुक्त उदयी राम, नगर निगम, सहारनपुर विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, सेतु निगम के अधिकारियों सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।